सरगुजा समय बलरामपुर-रामानुजगंज:- जिले के थाना पस्ता अंतर्गत चौकी डौरा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के सिर और धड़ को काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है।
लापता हुआ था युवक, बाड़ी में मिली स्कूटी:- मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि ग्राम कोटदौरा निवासी असीम अंसारी (उम्र 56 वर्ष) ने चौकी डौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी लेकर गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद 3 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे वसीम की स्कूटी (क्रमांक CG15CQ3388) मक्के की बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली, किंतु वसीम का कोई अता-पता नहीं चला।
जंगल के गड्ढे में मिला कटा हुआ सिर:- प्रार्थी की रिपोर्ट पर डौरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जब परिजनों से शिनाख्त कराई, तो मृतक के भाई ने कटे हुए सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।
फोन कर बुलाया और कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट:- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। संदेही सोनू खैरवार (उम्र 30 वर्ष) और उसकी पत्नी मनबासो (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम कोटडीह ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतिका मनबासो और वसीम अंसारी के बीच पूर्व से अवैध संबंध थे। पूर्व नियोजित योजना के अनुसार, मनबासो ने 2 अक्टूबर की शाम करीब 7:00 बजे वसीम को फोन कर मिलने बुलाया। वसीम के पहुंचते ही मनबासो और उसके पति सोनू ने मिलकर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपराध को छिपाने के लिए दोनों ने सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
डौरा पुलिस ने दोनों आरोपियों—सोनू खैरवार और मनबासो खैरवार के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
