ऐशियन गेम्स के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत की झोली में 100 अधिक मेडल आए। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर देश के प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया
इस मौके पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से कई मुद्दों पर बात की जिसमें ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में उनको साथ आने के लिए कहा। पीएम मोदी ने कहा, ‘देश इस समय ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। अनजाने में हुई डोपिंग भी खिलाड़ी का करियर बर्बाद कर देती है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं पूरे देश के युवाओं को आपके द्वारा मैं सतर्क करना चाहता हूं, की वह सही रास्ते पर चले। आप सही रास्ते पर चलकर जब इतनी सिद्धि पा सकते हैं तो वह आपकी बात जरूर मानेंगे। मैं आपसे अपील करता हूं कि देश की लड़ाई में आप हमारे साथ आइए।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘आप जब भी कभी किसी को इंटरव्यू दें तो दो लाइन ड्रग्स के खिलाफ जरूर कहें और उसके प्रति जागरुकता फैलाने का काम करें। आप देश के युवा को ड्रग्स के खिलाफ सतर्क करें, मैं आपसे इस मिशन को सफल बनाने की अपील करता हूं, आपको ड्रग मुक्त भारत बनाने के लिए आगे आने के लिए कहता हूं।’
पीएम मोदी ने एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का श्रेय खेलो इंडिया को भी दिया। एशियन गेम्स के पदक वीरों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे देश में कभी भी टैलेंट की कमी नहीं रही है, पहले भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन बहुत सी चुनौतियों के कारण मेडल की रेस में पीछे रह जाते थे लेकिन 2014 के बाद से हमने खेल के क्षेत्र में कायापलट करने का काम किया है।’

