महीनों से दहशत के साये में जी रहे थे दर्जनों गांव के लोग, ट्रैंकुलाइज विशेषज्ञों और कुमकी हाथियों की मदद से काबू में आया हिंसक दंतैल
सरगुजा समय अंबिकापुर / सूरजपुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले के सीमावर्ती ग्रामीण अंचलों में लंबे समय से मौत का दूसरा नाम बन चुके आक्रामक कबरा कान हाथी का आखिरकार सफल रेस्क्यू कर लिया गया है। वन विभाग की विशेष टीम के इस साहसिक ऑपरेशन के बाद दोनों जिलों के दर्जनों गांवों के आम नागरिकों और किसानों ने राहत की सांस ली है।
सूरज ढलते ही गांवों में पसर जाता था सन्नाटा:- पिछले कई महीनों से यह हिंसक हाथी सूरजपुर और सरगुजा के जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में लगातार तबाही मचा रहा था। कब्रों को नुकसान पहुंचाने और बेहद आक्रामक स्वभाव के कारण ग्रामीणों के बीच यह ‘कबरा कान ‘ के नाम से कुख्यात हो चुका था। हालात यह थे कि शाम ढलते ही ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर थे। फसलों की बर्बादी, घरों में तोड़फोड़ और लगातार 18 लोगों की मौत एवं अन्य लोगों के जान के खतरे ने लोगों की नींद उड़ा रखी थी।
लगातार बढ़ रहे जन-दबाव और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने इस हाथी को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जिसमें सटीक ट्रैकिंग: ड्रोन और मैदानी अमले की मदद से हाथी की हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी गई।
ट्रैंकुलाइज और घेराबंदी: कबरा कान हाथी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने घने जंगल में बेहद जोखिम उठाते हुए सटीक निशाना साधा और हाथी को ट्रैंकुलाइज (बेहोश) किया।
कुमकी हाथियों का सहारा: हाथी के बेहोश होते ही प्रशिक्षित कुमकी हाथियों और भारी मशीनरी (क्रेन) की मदद से उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू वाहन में लोड किया गया।
वन विभाग की बड़ी सफलता, ग्रामीणों में खुशी
रेस्क्यू की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने वन विभाग की टीम के इस कदम की सराहना करते हुए इसे बड़ी जीत बताया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, हाथी को फिलहाल सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसका स्वास्थ्य परीक्षण और व्यवहार का अध्ययन किया जाएगा।
