13/11/2026
20261113_133529


सरगुजा समय अंबिकापुर। संभाग के सबसे बड़े और प्रमुख खेल केंद्र राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) ग्राउंड की बदहाली एक बार फिर प्रशासनिक संवेदनहीनता की पोल खोल रही है। दीपावली पर्व के मद्देनजर मैदान में लगाई गई अस्थायी पटाखा दुकानों के हटने के बाद पूरा परिसर किसी खेल मैदान की बजाय ‘कचरा डंपिंग यार्ड’ में तब्दील हो गया है।

दुकानदारों की मनमानी और जिम्मेदार विभागों की अनदेखी का खामियाजा अब शहर की उन खेल प्रतिभाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो रोजाना यहां पसीना बहाने पहुंचती हैं। 


गंदगी के बीच अभ्यास करने की मजबूरी:- मैदान की मौजूदा तस्वीरें व्यवस्था पर करारा तमाचा हैं। ग्राउंड के बड़े हिस्से में पटाखों के खाली कार्टन, प्लास्टिक की पन्नियां, रैपर और रस्सियों का अंबार लगा हुआ है। हद तो यह है कि दुकानों के लिए खड़े किए गए बांस के अधूरे ढांचे और उन पर लटके फटे तिरपाल भी अब तक नहीं हटाए गए हैं। इसी कचरे और पॉलिथीन के ढेर के ठीक बगल में राष्ट्रीय और राज्य स्तर की तैयारी कर रहे तीरंदाजी (आर्चरी) व अन्य खेलों के युवा खिलाड़ी जान जोखिम में डालकर और बदबू के बीच अभ्यास करने को विवश हैं। 


सवालों के घेरे में आवंटन की शर्तें और प्रशासनिक सुस्ती:- हर साल पटाखा बाजार के लिए खेल मैदान का आवंटन करते समय प्रशासन और नगर निगम द्वारा साफ-सफाई और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। नियम के तहत दुकान हटने के तुरंत बाद मैदान को पूर्ववत साफ करना अनिवार्य होता है, लेकिन पर्व बीतते ही न तो पटाखा संघ ने जिम्मेदारी निभाई और न ही नगर निगम या कॉलेज प्रबंधन ने इस ओर झांकने की जहमत उठाई। हवा चलने पर मैदान में बिखरी प्लास्टिक और कचरा पूरे खेल परिसर में उड़ रहा है, जिससे स्वच्छता सर्वेक्षण के दावों की भी हवा निकल रही है।


खिलाड़ियों में आक्रोश, जुर्माने की मांग:- मैदान की इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों, कोच और मॉर्निंग वॉक पर आने वाले नागरिकों में गहरा आक्रोश है। खेल प्रेमियों का कहना है कि एक तरफ सरकार खेलों को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ शहर के एकमात्र बड़े ग्राउंड को व्यावसायिक आयोजनों के बाद कचरा घर बनने के लिए छोड़ दिया जाता है।

खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर मैदान को कचरा मुक्त किया जाए और गंदगी फैलाने वाले जिम्मेदारों पर भारी जुर्माना लगाया जाए, ताकि भविष्य में खेल मैदान की गरिमा से खिलवाड़ न हो सके।

जिला प्रशासन से लॉटरी के माध्यम से दुकान का आवंटन किया जाता है जिसमें लगाए गए दुकानदारों से प्राप्त होने वाली राशि में से आधा पीजी कॉलेज प्रबंधन एवं आधा नगर निगम कों प्राप्त होता है निगम पूरा पैसा एकत्रित करके आधा पेमेंट कॉलेज प्रबंधन कों करेंगी। अभी पैसा प्राप्त नहीं हुआ है पैसा प्राप्त होते ही ग्राउंड की साफ सफाई करवाई जावेगी। डॉ. अनिल सिन्हा प्राचार्य राजीव गाँधी पीजी कॉलेज अंबिकापुर

अभी समस्त स्टॉफ छठ पूजा में बीजी है हमने पीजी कॉलेज ग्राउंड के सफाई का प्लान रविवार सोमवार तक बनाया है जिसके बाद पूरी ग्राउंड की साफ सफाई की जावेगी। विनय अग्रवाल आयुक्त नगर पालिक निगम अंबिकापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *