सरगुजा समय रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रशासनिक आधार पर बड़े पैमाने पर चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञों के तबादले किए हैं। मंत्रालय (महानदी भवन, नवा रायपुर) द्वारा जारी आदेश के तहत प्रदेश भर के कुल 25 डॉक्टरों की नवीन पदस्थापना अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त की गई है। इस फेरबदल के जरिए कई जिलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) तथा जिला अस्पतालों में प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
प्रमुख जिलों में नए CMHO की कमान:- महासमुंद: सुकमा के CMHO डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा अब महासमुंद के नए प्रभारी CMHO होंगे। वहीं, महासमुंद के पूर्व CMHO डॉ. आई. नागेश्वर राव को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, रायपुर में उप संचालक बनाया गया है।
सुकमा: दंतेवाड़ा जिला चिकित्सालय के डॉ. भुवन विजय कुर्रे को सुकमा जिले का नया प्रभारी CMHO नियुक्त किया गया है।
धमतरी: जिला अस्पताल धमतरी के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर को धमतरी का प्रभारी CMHO बनाया गया है, जबकि वर्तमान CMHO डॉ. यू.एल. कौशिक को जिला अस्पताल मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का सिविल सर्जन बनाया गया है।
सरगुजा संभाग: संभागीय संयुक्त संचालक (स्वास्थ्य) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का CMHO बनाया गया है, जबकि सूरजपुर CMHO डॉ. कपिल देव पैंकरा को सरगुजा संभाग का संभागीय संयुक्त संचालक बनाया गया है।
सूरजपुर व कोरिया: कोरिया के प्रभारी CMHO डॉ. प्रशांत सिंह को सूरजपुर का CMHO और डॉ. बलवंत सिंह को कोरिया का नया प्रभारी CMHO नियुक्त किया गया है।
सरगुजा जिला: विश्रामपुर CHC के डॉ. जगसाय सिंह सरुता को सरगुजा जिले का नया प्रभारी CMHO बनाया गया है, वहीं यहां पदस्थ डॉ. प्रेम सिंह मार्को को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत (कोरिया) भेजा गया है।
मुंगेली व बेमेतरा: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीकला (बिलासपुर) के डॉ. श्रीकेश गुप्ता को मुंगेली का नया प्रभारी CMHO तथा CHC खंडसरा के डॉ. शरद कोहाड़े को बेमेतरा का प्रभारी CMHO बनाया गया है।
अस्पतालों और संस्थानों में अधीक्षक व सिविल सर्जन की नई जिम्मेदारियां:- मानसिक चिकित्सालय सेंदरी (बिलासपुर): सेंदरी स्थित राज्य मानसिक चिकित्सालय के प्रभारी अधीक्षक डॉ. जमुना प्रसाद आर्य का तबादला मानसिक चिकित्सालय मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के प्रभारी अधीक्षक पद पर किया गया है। उनकी जगह बिल्हा CHC के डॉ. रक्षित जोगी को राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी का नया प्रभारी अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
धमतरी व बलरामपुर अस्पताल: धमतरी जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन का दायित्व डॉ. आदित्य सिन्हा को सौंपा गया है। वहीं, बलरामपुर जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता को CHC राजपुर भेजा गया है और CHC राजपुर के डॉ. रामप्रसाद तिर्की अब बलरामपुर जिला अस्पताल के नए प्रभारी सिविल सर्जन होंगे।
दंतेवाड़ा व मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: डॉ. प्रियंका सक्सेना को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है, जबकि दंतेवाड़ा के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अभय सिंह तोमर को जिला अस्पताल (चिरमिरी) का नया सिविल सर्जन बनाया गया है।
प्रशासन के अनुसार यह पूरी सर्जरी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से की गई है।
