अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को किया रवाना।
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने तीर्थयात्रियों से की मुलाकात, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं
सरगुजा समय अम्बिकापुर 27 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत आज सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम रवाना हुए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा संचालित इस योजना के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने विशेष ट्रेन के प्रस्थान से पूर्व रेलवे स्टेशन पहुंचकर तीर्थयात्रियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान श्री रामलला के दर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
योजना के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री व्ही.के. उके ने बताया कि विशेष ट्रेन से सरगुजा संभाग के कुल 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए हैं। इनमें सरगुजा जिले के 162 तीर्थयात्री शामिल हैं। जिले के जनपद पंचायत अंबिकापुर से 17, उदयपुर से 17, लखनपुर से 18, लुण्ड्रा से 18, बतौली से 16, सीतापुर से 15 और मैनपाट से 18 तीर्थयात्री यात्रा में शामिल हुए हैं। इसी प्रकार नगर निगम अंबिकापुर से 29, नगर पंचायत लखनपुर से सात तथा नगर पंचायत सीतापुर से सात श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं।
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रवाना हुए तीर्थयात्री अयोध्या धाम में भगवान श्री रामलला के दर्शन करेंगे। विशेष ट्रेन से गए श्रद्धालुओं की वापसी 30 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सरगुजा संभाग के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष वर्मा सहित रेलवे, आईआरसीटीसी और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
