30/08/2026
IMG-20260830-WA0201


सरगुजा समय अम्बिकापुर: भगवती मानव कल्याण संगठन जिला इकाई अम्बिकापुर के तत्वावधान में एमजी रोड स्थित राजमोहनी भवन में आयोजित 24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। 29 अगस्त सुबह 11 बजे शुरू हुए इस अनुष्ठान में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुण्य लाभ अर्जित किया।


समापन दिवस पर 30 अगस्त को प्रातः 9 बजे शहर में भव्य नशामुक्ति सद्भावना रैली निकाली गई। इसके बाद 11 बजे चालीसा पाठ का समापन हुआ तथा माता भगवती आदिशक्ति जगदंबा एवं परमपूज्य गुरुवर श्री शक्तिपुत्र जी महाराज की महाआरती संपन्न की गई।


धर्म पथ पर चलकर ही संभव है बुराइयों का नाश: अजय अवस्थी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने नशा को आज के समय की सबसे बड़ी महामारी बताया। उन्होंने कहा कि नशे के कारण मनुष्य का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक पतन हो रहा है।


उन्होंने गुरुवर श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के विचारों को साझा करते हुए कहा: मानव जीवन के तीन कर्तव्य: धर्म रक्षा, राष्ट्र रक्षा और मानवता की सेवा प्रत्येक मनुष्य का मूल दायित्व है।
स्वयं पर विजय जरूरी: जीवन की समस्याएं बाहर नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर हैं। ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को अपनाकर धर्म के मार्ग पर चलना होगा।


नशामुक्त समाज का संकल्प: उन्होंने पूरे जिले और प्रदेश में नशामुक्त, मांसाहार मुक्त और चरित्रवान समाज के निर्माण के लिए लोगों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के अंत में संगठन के जिला अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *