सरगुजा समय अम्बिकापुर 31 जुलाई 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय ’’विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत लोकगीत, नाटक, नृत्य, शॉर्ट फिल्म एवं रील निर्माण, कविता पाठ, चित्रकला, भाषण तथा नारा लेखन सहित कुल आठ विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी उपस्थित रहे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एम. सिद्दीकी, समाज सेविका वंदना दत्ता, नव विहान के मंगल पांडे, योगाचार्य अजय तिवारी, एपीसी सुनील तिवारी तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अपर्णा दुबे उपस्थित रहीं।
इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने और अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने का संदेश दिया गया।
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और नशा-मुक्त समाज का निर्माण करके ही देश को नई दिशा प्रदान की जा सकती है।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रिंस सिंह ने युवाओं से माय भारत पोर्टल से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि माय भारत मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, स्वयंसेवा गतिविधियों से जुड़ने तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी करने का अवसर प्रदान करता है।

