28/09/2026
FB_IMG_1790616945069


सरगुजा समय बलरामपुर रामानुजगंज /रायपुर:
लंबे समय से विभिन्न विवादों, गंभीर आरोपों और शिकायतों के घेरे में रहे बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव पर आखिरकार शासन की गाज गिर ही गई।

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने कड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए मनीराम यादव को जिले के सर्वोच्च शिक्षा प्रशासनिक पद से बेदखल कर दिया है। मंत्रालय, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यादव को अब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा (विकासखंड अंबिकापुर, जिला सरगुजा) में बतौर प्राचार्य पदस्थ किया गया है। 


जिले की कमान से सीधे स्कूल तक का सफर:- कभी पूरे जिले के शिक्षा महकमे की कमान संभालने और सैकड़ों शिक्षकों व कर्मचारियों पर हुक्म चलाने वाले मनीराम यादव के लिए यह फेरबदल किसी बड़े प्रशासनिक झटके से कम नहीं माना जा रहा है। जिले के मुखिया के पद से हटाकर उन्हें सीधे एक स्कूल में प्राचार्य बनाकर भेज दिया गया है, जहाँ वे अब विकासखंड स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्था के दायरे में रहकर कार्य करेंगे। 


लगातार विवादों और आरोपों से घिरा रहा कार्यकाल
विदित हो कि मनीराम यादव का कार्यकाल हमेशा वित्तीय अनियमितताओं, घोटालों के आरोपों और निलंबन से जुड़े मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। क्षेत्र में उनके खिलाफ लगातार जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही थी। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि लगातार मिल रही शिकायतों और बिगड़ती व्यवस्था के मद्देनजर शासन ने यह कड़ा फैसला लिया है।


नरेंद्र कुमार निरापुरे को मिली बलरामपुर की जिम्मेदारी
मंत्रालय (महानदी भवन) द्वारा जारी आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/585/2026/20-3 के तहत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल कोराचा के प्राचार्य नरेंद्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश पर्यंत तक लागू कर दिया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *