सरगुजा समय अंबिकापुर :-
⏩ जिले के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में आज पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर, अंबिकापुर में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में जिले के समस्त शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के संस्था प्रमुख एवं संचालक शामिल हुए। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा संस्था प्रमुखों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर विस्तृत समझाइश दी गई एवं निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया गया।

परिसर में सुरक्षा एवं अप्रिय घटनाओं की रोकथाम:- सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्कूल एवं कॉलेज परिसरों में ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करें जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
CCTV कैमरों की सुचारु व्यवस्था:-संस्थान के प्रवेश द्वार, गलियारों एवं प्रमुख संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि वे हर समय चालू स्थिति में रहें।
छात्रावासों (हॉस्टल) में सुरक्षा मानक:- जिन संस्थानों में आवासीय सुविधा उपलब्ध है, वहां बालक एवं बालिका छात्रावासों (Boys & Girls Hostel) के मध्य पर्याप्त दूरी और पृथक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की निजता एवं सुरक्षा बनी रहे।
स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन व्यवस्था:- यदि किसी छात्र या छात्रा की तबीयत अचानक खराब होती है, तो संस्थान स्तर पर तत्काल प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था रखी जाए और अभिभावकों को तुरंत सूचित किया जाए।

पुलिस को तत्काल सूचना एवं सीधा संवाद:- परिसर के भीतर या आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की आशंका होने पर बिना किसी देरी के तत्काल पुलिस को सूचना देने हेतु निर्देशित किया गया। त्वरित समन्वय एवं सहायता हेतु राजपत्रित पुलिस अधिकारियो द्वारा अपना संपर्क नंबर भी सभी संस्था प्रमुखों के साथ साझा किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बी. (भा.पु.से.),एसडीएम वन सिंह नेताम, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा, उप पुलिस अधीक्षक डी.के. सिंह सहित जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजो के संस्था प्रमुख, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।
