सरगुजा समय अंबिकापुर :-
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशवासियों को ऑनलाइन ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के लिए रक्षाबंधन के पावन पर्व पर “साइबर सुरक्षा बंधन” अभियान का बड़े पैमाने पर संचालन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों की खुशियों के बीच सक्रिय होने वाले साइबर ठगों से आम जनता को सचेत करना और उन्हें डिजिटल सुरक्षा का उपहार देना है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में सरगुजा जिले के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान प्रभावी तौर पर चलाया जा रहा है। राखी के पावन अवसर पर पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिस कर्मियों एवं जवानों ने आम नागरिकों की कलाई पर ‘साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र’ बांधकर उनसे साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील की।
“साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प:- छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से शुरू किया गया 7 सप्ताह का व्यापक ‘साइबर जागृति अभियान’ इस रक्षाबंधन के अवसर पर और अधिक जन-केंद्रित हो गया है, जिसके तहत लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और फर्जी गिफ्ट ऑफर्स से बचने की सलाह दी जा रही है, साथ ही त्योहारों के इस सीजन में साइबर ठगी से बचने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अनजान लिंक से बचें: रक्षाबंधन या त्योहारों के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध या अनजान डिस्काउंट/गिफ्ट लिंक पर क्लिक न करें।OTP और पासवर्ड साझा न करें: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक पासवर्ड, UPI पिन या OTP कभी भी शेयर न करें।फर्जी कस्टमर केयर व डिजिटल अरेस्ट: लॉटरी, पार्सल फंसने या ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी फर्जी कॉल आने पर तुरंत घबराएं नहीं, बल्कि पुलिस को सूचित करें।
तुरंत सहायता के लिए हेल्पलाइन:- यदि कोई नागरिक किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी या साइबर अपराध का शिकार होता है, तो वह तुरंत केंद्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। सरगुजा पुलिस जिले के प्रत्येक नागरिक की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर है। आइए, इस रक्षाबंधन पर अपनी बहनों और भाइयों को कलाई पर राखी के साथ-साथ “साइबर सुरक्षा” का अटूट उपहार भी दें।
