12/10/2026
Screenshot_20261012_073227_WhatsApp

सरगुजा समय सीतापुर / अंबिकापुर:
संभाग में नशे के अवैध कारोबार और सिंडिकेट पर नकेल कसने चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने सीतापुर क्षेत्र में घेराबंदी कर एक तस्कर को दबोचा, जिसके कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद किए गए हैं।


दौड़कर भागने की फिराक में था आरोपी:- सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम रविवार को सीतापुर क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम जब तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास पहुंची, तो वहां एक संदिग्ध युवक भारी बोरी लिए खड़ा दिखा। सरकारी वाहन देखते ही वह भागने लगा, जिसे मुस्तैद नगर सैनिकों ने पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सीतापुर निवासी संजय विश्वकर्मा के रूप में दी।


जब्त सामग्री का विवरण: बोरी की विधिवत तलाशी लेने पर प्रतिबंधित दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ, जिसमें शामिल हैं:
स्पास्मो प्रोक्सीवॉन प्लस कैप्सूल: 14,144 नग, नाइट्रोसम-10 टैबलेट: 880 नग, अल्प्रासीन टैबलेट: 1,110 नग,ओनरेक्स कफ सिरप: 20 नग (कुल अनुमानित बाजार मूल्य: लगभग 6 लाख रुपये) गढ़वा से जुड़ा नेटवर्क, अनमोल गुप्ता मुख्य सप्लायर
पूछताछ में आरोपी संजय विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि वह यह माल सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता के लिए झारखंड के गढ़वा से लाकर सप्लाई करता था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(b) और 22(c) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर रिमांड पर भेजा जा रहा है।


“सीतापुर क्षेत्र में सूखे नशे की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस जब्ती से अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ी सामने आई है। मामले में शामिल अन्य सप्लायरों को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
— रंजीत गुप्ता, सहायक जिला आबकारी अधिकारी


कार्रवाई में शामिल टीम:इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी आरक्षक श्याम सुन्दर सिंह, दीपक पांडे तथा नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह व रोहित सोनवानी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *