साप्ताहिक टीएल बैठक में सख्त निर्देश: हफ्ते में 2 दिन अनिवार्य रूप से फील्ड में उतरें अफसर, शौचालय निर्माण के लिए डीएमएफ मद से 100% राशि जारी करने का आदेश, धान खरीदी से पहले आरईएओ की बैठक लेंगे एसडीएम
सरगुजा समय अम्बिकापुर।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने शासकीय कार्यालयों में वर्षों से एक ही सीट पर जमे कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सख्ती दिखाते हुए निर्देश दिए कि 3 वर्ष से अधिक समय से एक ही शाखा में पदस्थ कर्मियों के प्रभार अगली बैठक से पहले तत्काल बदले जाएं।
कलेक्टर ने साफ किया कि यह कार्यालयीन कार्यशैली में सुधार और पारदर्शिता लाने का मौका है, जिसे सभी विभाग प्रमुख पूरी गंभीरता से लागू करें।
लखपति दीदियों के घरों पर लगेंगे सोलर रूफटॉप
बैठक में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लखपति दीदियों को इससे प्राथमिकता पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि इन दीदियों के घरों पर 2 किलोवॉट क्षमता के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया तुरंत पूरी कराएं। इसके लिए ग्राम सरपंचों और सचिवों को भी ग्रामीणों को जागरूक व प्रेरित करने का दायित्व सौंपा गया है।
अधिकारियों को 2 दिन अनिवार्य फील्ड विजिट का फरमान
प्रशासनिक अमले को दफ्तरों से निकलकर जमीनी हकीकत परखने की हिदायत देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी जिला व विकासखंड स्तरीय अधिकारी सप्ताह में न्यूनतम दो दिन अनिवार्य रूप से फील्ड पर जाएं और सुदूर वनांचल व दूरस्थ इलाकों पर विशेष ध्यान दें। सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन और पीजी पोर्टल पर लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण तय समय के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
डीएमएफ से शौचालय निर्माण के लिए शत-प्रतिशत फंड जारी
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वीकृत शौचालयों के निर्माण हेतु डीएमएफ मद से शत-प्रतिशत राशि जारी करने का आदेश दिया। साथ ही आवश्यकतानुसार बालिका विद्यालयों में टॉयलेट निर्माण की स्वीकृति के लिए तत्काल कार्यवाही करने को कहा।
धान खरीदी पूर्व कृषि तंत्र चुस्त करने के निर्देश
आगामी धान खरीदी सत्र को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों (आरईएओ) की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया गया है कि वे धान उपार्जन शुरू होने से पहले अपने-अपने क्षेत्रों में आरईएओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा सहित सभी विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
