27/10/2026
स्वच्छता अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर एवं वार्डों में  साफ-सफाई (1)

सरगुजा समय अम्बिकापुर:-  भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, अंबिकापुर में आज  27 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत अस्पताल परिसर एवं विभिन्न वार्डों में विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया।


अभियान के दौरान अस्पताल परिसर, वार्डों एवं मरीजों से संबंधित विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना, संक्रमण की रोकथाम करना तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वच्छता के महत्व को बढ़ावा देना है।


इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. सी. आर्या, सिविल सर्जन डॉ. जे. के. रेलवानी, सहायक अस्पताल अधीक्षक डॉ. जी. के. दामले, डॉ. संटू बाघ, अस्पताल सलाहकार श्रीमती स्वास्ति शुक्ला, डायटिशियन श्रीमती सुमन सिंह सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाते हुए अस्पताल परिसर एवं वार्डों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने में योगदान दिया।


अस्पताल प्रशासन ने स्वच्छता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों का पालन तथा संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।


अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया, ताकि अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *