सरगुजा समय अंबिकापुर :-
जिले के बहुचर्चित ‘दयानिधि हॉस्पिटल’ और उसके संचालक डॉ. संदीप त्रिपाठी एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। हॉस्पिटल प्रबंधन पर आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार करने के बावजूद मरीजों से अवैध रूप से फोन-पे (PhonePe) और कैश के जरिए पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं।
जाँच के लिए संयुक्त संचालक ने जारी किया पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘सरगुजा समय’ सहित अन्य मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इन शिकायतों और खबरों का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को पत्र लिखकर तत्काल एक जांच टीम गठित करने और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मरीजों को बनाया जाता था शिकार:- आरोप है कि हॉस्पिटल प्रशासन आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को सरकारी योजना का लाभ देने के बजाय उनसे उपचार के नाम पर अवैध वसूली करता रहा है। मरीजों और उनके परिजनों द्वारा बार-बार शिकायतें मिलने के बाद अब प्रशासन ने जांच की तैयारी पूरी कर ली है।
आगामी कार्रवाई की तैयारी
JD स्वास्थ्य विभाग डॉक्टर अनिल शुक्ला के इस आदेश से जिले के स्वास्थ्य महकमे एवं निजी अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है। आम जनता इस पूरे मामले पर निष्पक्ष जांच और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।

