12/05/2026
IMG-20260421-WA0298

सरगुजा समय अंबिकापुर। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने शासकीय दायित्वों को छोड़कर आम तोड़ने में व्यस्त नजर आए।

यह घटनाक्रम कार्यालय समय के दौरान शाम करीब 4 बजे का बताया जा रहा है, जब परिसर में लगे आम के पेड़ों के नीचे कर्मचारियों की भीड़ जुटी हुई थी।

एक ओर जहाँ जिला प्रशासन सुशासन तिहार-2026 के तहत आमजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने के लिए ग्रामीण अंचलो मे 1 मई से 10 जून तक जिले में जन समस्या निवारण शिविर लगाने की तैयारी मे जुटा है, ताकि लोगो की समस्याएं दूर की जा सके, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने शासकीय दायित्वों को छोड़कर आम तोड़ने में व्यस्त है।

ऐसे मे सुशासन की परिकल्पना करना सम्भव नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ कर्मचारी पेड़ों से आम तोड़ने के लिए बांस (डंडे) का उपयोग कर रहे थे, जबकि अन्य कर्मचारी नीचे चादर फैलाकर आम इकट्ठा करते दिखे।

इस दौरान कार्यालयीन कार्य पूरी तरह प्रभावित होता नजर आया और आमजन अपने जरूरी कामों के लिए भटकते रहे। सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह की गतिविधि ने न केवल कार्य शैली पर सवाल खड़े किए, बल्कि अनुशासनहीनता की तस्वीर भी उजागर कर दी।

सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बने रहे। किसी भी कर्मचारी को रोकने या अनुशासन बनाए रखने की कोशिश नहीं की गई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और यह संकेत मिलता है कि लापरवाही किस स्तर तक पहुंच चुकी है। कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह का व्यवहार आम जनता के बीच गलत संदेश देता है।

जिन कर्मचारियों को जनता की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वही कर्मचारी निजी गतिविधियों में संलिप्त नजर आए। इससे आमजन का भरोसा प्रशासनिक व्यवस्था पर कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।

इधर, आम तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगो ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि अधिकारी और कर्मचारी ही अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं, तो आम लोगों को समय पर न्याय और सेवाएं कैसे मिल पाएंगी।

जानकर भी अनजान बनते दिखे जिम्मेदार अधिकारी
इस सबंध मे विभाग के कार्यपालन अभियंता अविनाश मिंज से मोबाइल कर जानकारी चाही गईं, मगर उन्होंने गैर जिम्मेदाराना जवाब देते हुए इस मामले से अपना पलड़ा झाड़ते नजर आए। उन्होंने कहा कि अभी बाहर हूँ, इस सबंध मे कुछ नहीं कह सकता। यह कहते हुए काल डिस्कनेट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *