सरगुजा समय अंबिकापुर/बगीचा:
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता (संभाग सरगुजा) ने दूसरे राज्य से लाई जा रही अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिक्की में दबिश देकर 35 पेटी मध्य प्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 315 लीटर (1750 पाव) आंकी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है। मामले में आरोपी सुदर्शन गुप्ता को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर सुबह-सुबह दी दबिश:- आबकारी आयुक्त पी.एस. अल्मा एवं जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली मार्कंडेय के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व वाली टीम लगातार अवैध मदिरा कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को बीती रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि झिक्की गांव निवासी सुदर्शन गुप्ता के घर पर अन्य राज्य से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब उतारी गई है। सूचना की तस्दीक होते ही उड़नदस्ता टीम ने बुधवार सुबह आरोपी के घर पर औचक दबिश दी।
तिरपाल में छिपाकर रखी थी खेप:- दबिश के दौरान संदेही सुदर्शन गुप्ता घर पर ही मौजूद मिला। घर की विधिवत तलाशी लेने पर पीछे बरामदे में तिरपाल से छिपाकर रखी गईं 35 पेटियां बरामद हुईं। जांच करने पर सभी पेटियों में मध्य प्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की शराब पाई गई।
मौके पर शराब का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर कुल 1750 पाव शराब जब्त कर आरोपी सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
टीम में इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। कार्रवाई टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, आरक्षक श्यामसुंदर पैकरा, दीपक पांडे, आशीष कुंज तथा नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह व रोहित सोनवानी की सक्रिय भूमिका रही।
