सरगुजा समय बलरामपुर, 24-09-2025
शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में प्राचार्य प्रो. नंद कुमार देवांगन की अध्यक्षता में एनएसएस स्थापना दिवस एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व स्वयंसेवक महेन्द्र कुमार रजक, ओमप्रकाश रजक, सुशील मानिकपुरी, अमित कुमार, यशवंत रवि, अभय दास, नीतू गुप्ता, प्रियंका सिंह एवं रत्ना राय उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस अवसर पर एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना 1969 में महात्मा गांधी की शताब्दी वर्षगांठ पर हुई थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। इसका आदर्श वाक्य “मैं नहीं, आप” हमें निःस्वार्थ सेवा का संदेश देता है। एनएसएस केवल संगठन नहीं, बल्कि समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है, जिसकी संभावनाएँ स्वच्छता, ग्राम सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में हैं।
प्राचार्य ने बताया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान माँ के प्रति श्रद्धा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि हर विद्यार्थी प्रतिवर्ष एक पेड़ माँ के नाम से रोपे और उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण का अमूल्य उपहार मिलेगा।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत एवं नाटक के माध्यम से सेवा, राष्ट्रभक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं स्वयंसेवकों ने मिलकर फलदार, फूलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण किया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक प्रतिभागी ने अपनी माँ को समर्पित कर पौधारोपण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस इकाई के वरिष्ठ स्वयंसेवक आर्यन गुप्ता द्वारा किया गया। अक्षय कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए इस अभियान को सतत जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
