सरगुजा समय अंबिकापुर :-
आज दिनांक 23.06.2025 को होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, अम्बिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 की सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का सम्मान समारोह पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा श्री दीपक कुमार झा आई.पी.एस. के मुख्य आतिथ्य में हर्ष और उल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस समारोह में प्रतिभावान बच्चों के माता-पिता भी आमंत्रित थे।

अपने बच्चों को सम्मानित होते हुए देखकर विद्यालय प्रांगण में उपस्थित समस्त जन भावुक हो उठे। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि को वरिष्ठ शिक्षक श्री सुनील तिवारी द्वारा बैंच लगाकर किया गया। विद्यालय के गौरव बैगपाइपर बैण्ड द्वारा उनकी आगवानी करते हुए मंच तक पहुँचाया गया और दीप प्रज्ज्वलन तथा स्वागत गान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की गई।
सर्वप्रथम विद्यालय की प्राचार्य डॉ सि. जेस्सी थेक्कन द्वारा बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उनके अथक परिश्रम और प्रयास की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि अध्ययन का रास्ता कठिन तो है लेकिन इसका परिणाम अत्यन्त सुखद है।

आज का यह समारोह सिर्फ आपके द्वारा हासिल किए गए अंको के लिए ही नहीं है बल्कि यह सुखद दिन उन सभी पलो को समर्पित है जिनमें आपने अत्यन्त कठोर परिश्रम किया है। साथ ही यह समारोह उन अभिभावको को भी समर्पित है जिन्होंने अपने बच्चों के साथ जागकर कठिन तप किया है। जो बच्चे 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल नहीं कर सके उनके लिए मेरा यह कहना है कि परीक्षा में प्राप्त अंक आपके व्यक्तित्व को परिभाषित नहीं कर सकता आपका हर ईमानदार प्रयास आपको सफलता के नजदीक ले जाएगा।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत के बाद अलंकरण समारोह शुरू हुआ जिसमें सर्वप्रथम कक्षा 12वीं की सी.बी. एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 14 छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके बाद कक्षा 10 वीं की सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 46 छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही विषय विशेष में शत् प्रतिशत अंक हासिल करने वाले बच्चों तथा विशेष सांस्कृतिक उपलब्धि प्राप्त बच्चों को भी मुख्य अतिथि के हाथों स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की गई।

अलंकरण समारोह के पश्चात अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए माननीय मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा आई.पी.एस. ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज इन बच्चों को सम्मानित कर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ और अपने पिछले दिनों को याद कर रहा हूँ जब मैं आई. आई. टी. उत्तीर्ण कर नौकरी करने लगा लेकिन मैने अथक परिश्रम करते हुए संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा भी उत्तीर्ण की। और अपने तय लक्ष्य को मैने हासिल किया। मैं आप सभी से कहना चाहता हूँ कि भविष्य में आप जो कुछ भी बनना चाहें उसे आज ही तय करें। आपके सामने आपका गोल स्पष्ट होना चाहिए। इसी के साथ आपके मन में अपने माता-पिता और अपने गुरूजनों के प्रति सम्मान होना चाहिए।
अंततः विद्यालय की टॉपर जसकीरत बाबरा ने अपना अनुभव साझा करते हुए शिक्षको और अभिभावको के प्रति अभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षको का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।

विद्यालय की प्राचार्य महोदया डॉ सि. जेस्सी थेक्कन ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी तथा शिक्षकगणों और अभिभावकों के लगन और सहयोग के लिए उनका आभार प्रकट किया।

