सरगुजा समय अंबिकापुर। खेल का मैदान, कदमताल मिलाते नौनिहाल, मशाल की लौ और तालियों की गड़गड़ाहट—स्थानीय होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दो दिवसीय 31वें वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का आयोजन पूरे जोश, ऊर्जा और गरिमामयी अंदाज में संपन्न हुआ।
3 और 4 नवंबर को आयोजित इस महाकुंभ में जहां सीनियर विद्यार्थियों ने अपनी खेल क्षमता और रफ्तार का लोहा मनवाया, वहीं जूनियर बच्चों ने अपनी मासूमियत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

आयोजन के पहले दिन खेल कौशल और सीनियर खिलाड़ियों का दम:- कार्यक्रम के पहले दिन का आगाज ध्वजारोहण, मशाल प्रज्वलन और खेल भावना की शपथ के साथ हुआ। ब्रास बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते स्काउट-गाइड और चारों सदनों के मार्च पास्ट ने मुख्य अतिथियों का ध्यान खींचा।
पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज उपस्थित रहे, जबकि सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक कुमार झा विशिष्ट अतिथि एवं छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

स्कूल की प्राचार्या डॉ. सी. जेस्सी एवं विद्यार्थियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। मुख्य अतिथि द्वारा मीट के विधिवत शुभारंभ की घोषणा के बाद ट्रैक पर 100, 200, 400, 800 मीटर दौड़ और रोमांचक 4×100 रिले रेस का आयोजन हुआ। इसके साथ ही डांस ड्रामा, रिदमिक योगा और ऊर्जावान लोकनृत्यों ने पूरे परिसर को जीवंत बना दिया।

आयोजन के दूसरे दिन जूनियर वर्ग का उत्साह और अभिभावकों की भागीदारी:- दूसरे दिन का मंच जूनियर वर्ग के नन्हे सितारों के नाम रहा। मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम अंबिकापुर के आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. एंटोनिस बड़ा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रितेश चौधरी की मौजूदगी में बच्चों ने प्रार्थना नृत्य, ‘लेट्स प्ले-लेट्स डांस’ और ‘द बीट ब्रेकर्स’ जैसे मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, टीम भावना और निरंतर संघर्ष को आत्मसात करने की सीख दी। वहीं डॉ. एंटोनिस बड़ा ने बच्चों को गिरकर दोबारा संभलने और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी। आयोजन में पहुंचे अभिभावकों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं रखी गईं, जिसमें महिला व पुरुष अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
