बलरामपुरः-दिनांक 13.09.2024 को शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर के जनभागीदारी प्रबंधन समिति की प्रथम बैठक अध्यक्ष श्री भानु प्रकाश दीक्षित की अध्यक्षता में महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में दोपहर 12:00 बजे से आयोजित की गई। जिसमें महाविद्यालय के विकास से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। इस बैठक में विगत प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गई और उनकी पूर्णता पर संतोष व्यक्त किया गया। प्राचार्य श्री एन. के. देवांगन द्वारा जनभागीदारी समिति के आय-व्यय का व्यौरा प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय से संबंधित सामान्य जानकारी दी गई। जनभागीदारी समिति के सदस्यों के सर्वसम्मति से महाविद्यालय के ग्रंथालय हेतु राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्रथम सेमेस्टर हेतु पर्याप्त संख्या में नवीन पुस्तकें क्रय करने, क्रीड़ा विभाग हेतु खेल संबंधित सामग्री क्रय करने का निर्णय लिया गया। साथ ही महाविद्यालय का नामकरण सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर किया जाना प्रस्तावित किया गया। समिति द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह विभिन्न प्रकार के खेल, कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित करने एवं उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कार वितरण करने का निर्णय लिया गया। समिति के सदस्यों के सर्वसम्मति से महाविद्यालय में कक्षावार कक्षा प्रतिनिधि नियुक्त करने का सलाह दिया गया ताकि विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रत्येक कक्षा में छात्रों के मध्य प्रसारित हो सके। अध्यक्ष महोदय की अनुमति से विभिन्न प्रकार के कार्य का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा गया। साथ ही सदस्यों द्वारा उपरोक्त कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करते हुए व्यय में मितव्ययता बरतने की बात कही गई। उक्त बैठक में अध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित, उपाध्यक्ष, अमित श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलरामपुर, प्राचार्य एन. के. देवांगन, एन. के. सिंह सहायक प्राध्यापक, विधायक प्रतिनिधि गौतम सिंह, सदस्य अजय गुप्ता, छोटेलाल गुप्ता, लवकुष सिंह, उमाकांत मिश्रा, आशिष सिंह एवं जी. पी. कोरी, डॉ. अर्चना गुप्ता, डॉ. अष्वनी विष्वकर्मा, योगेश कुमार राठौर, ओम शरण शर्मा कुणाल कुमार सोनी, रामसुदर्षन राम उपस्थित रहे।

