सरगुजा समय बलरामपुर – रामानुजगंज :- दिनांक 06/02/2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभाकक्ष मे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढीकरण एवं केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल शुक्ला द्वारा की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री स्मृति एक्का सहित समस्त कार्यक्रमों के नोडल पदाधिकारी, कंसल्टेंट, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, मेडिकल ऑफिसर, बीडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, नेक्स्ट जेन पोर्टल, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम, तथा वित्तीय वर्ष के अंतर्गत किए गए मदवार व्यय की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। गैर संचारी रोगों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि पंजीकृत सभी मरीजों का नियमित एवं प्रभावी फॉलो-अप अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान विभिन्न विकासखंडों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर विकासखंड रामानुजगंज एवं राजपुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) की प्रगति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश संयुक्त संचालक द्वारा दिए गए। इसी क्रम में उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) प्रबंधन में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर विकासखंड शंकरगढ़ को एचआरपी के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने, तथा एएनसी जांच की संख्या कम पाए जाने पर विकासखंड कुसमी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम व अन्य जो भी प्रविष्टि उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर होते है उनका प्रविष्टि सम्बन्धित स्वास्थ्य केंद्र के आर.एच.ओ. पुरुष व महिला तथा सी.एच.ओ. की होगी ।

बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित कार्यक्रमों अंतर्गत उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान, निगरानी एवं रेफरल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा. पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, तथा बाल टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) उन्मूलन कार्यक्रम, मलेरिया एवं फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में निर्देशित किया गया कि क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग के लिए पृथक कार्य योजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की स्थापना /संचालन की समीक्षा की गई तथा निर्देशित किया गया कि जिले में आवश्यकतानुसार प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएं, ताकि आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में विकासखंडवार समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश संयुक्त संचालक द्वारा प्रदान किए गए।
संयुक्त संचालक द्वारा समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को अद्यतन रखने, आवश्यक औषधियों, उपकरणों एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रदत्त सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अंत में संयुक्त संचालक द्वारा यह निर्देश दिया गया कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, जिससे आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

