दीपावली पर सजे अस्थायी पटाखा बाजार के दुकानदारों ने समेटने के बाद छोड़ दिया था कचरे का अंबार, सरगुजा समय में खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया निगम अमला..
सरगुजा समय अंबिकापुर। जनसरोकार और स्वच्छता के मुद्दे को लेकर ‘सरगुजा समय’ द्वारा उठाई गई आवाज का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। दीपावली पर्व के दौरान पीजी कॉलेज ग्राउंड में लगाए गए अस्थायी पटाखा दुकानों के हटने के बाद दुकानदारों द्वारा छोड़ी गई गंदगी और कचरे के अंबार पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। खबर प्रकाशित होते ही निगम अमले ने मामले को संज्ञान में लिया और लगातार दो दिन से सुबह से ही सफाई कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर मैदान की साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया है।
गौरतलब है कि दीपावली के मौके पर पटाखा व्यवसायियों द्वारा मैदान में बांस-बल्ली के पंडाल लगाकर अस्थायी दुकानें सजाई गई थीं। त्योहार समाप्त होने के बाद दुकानदारों ने अपना सामान तो समेट लिया, लेकिन पटाखों के खाली डिब्बे, कागज, पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट कचरा मैदान में ही लावारिस हालत में छोड़ दिया था। पूरे मैदान और पंडालों के नीचे फैले इस कचरे से स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुल रही थी और सुबह टहलने आने वाले लोगों व स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। ‘सरगुजा समय’ ने दुकानदारों की इस लापरवाही और मैदान की बदहाली को प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था।
खबर का असर यह हुआ कि नगर निगम की सफाई टीम ने सुबह से ही मैदान में मोर्चा संभाल लिया। मौके पर तैनात सफाई कर्मी झाड़ू लगाकर पंडालों के नीचे और पूरे मैदान परिसर में बिखरे कचरे को एकत्र कर रहे हैं तथा कचरा संग्रहण बैग के माध्यम से उसे बाहर निकालने में जुटे हैं। नगर निगम की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाने के लिए ‘सरगुजा समय’ की सराहना की है।
