21/09/2026
IMG-20260921-WA0211


सरगुजा समय अंबिकापुर। शहर में करोड़ों रुपये के लेन-देन में धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स’ के संचालक सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुदरी चौक से हिरासत में लिया गया, जिसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।


कारोबार के नाम पर लिए थे 4.80 करोड़ रुपये
पुराना बस स्टैंड निवासी कारोबारी राहुल गोयल (संचालक: जयहनुमान कोलडिपो, मारुति मिनरल्स व जय हनुमान रोडलाइन्स) ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कारोबारी परिचय का हवाला देकर सुजीत जायसवाल ने अगस्त 2021 से नवंबर 2022 के बीच व्यापारिक जरूरत बताकर 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। इनमें से आरोपी ने दो फर्मों को मिलाकर 2 करोड़ 72 लाख रुपये ही वापस किए, जबकि 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये की देनदारी बाकी रह गई।


जमीन और धर्मकांटे के नाम पर लगाया अतिरिक्त चूना
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया रकम चुकता करने के बदले आरोपी ने उत्तर प्रदेश के दुद्धी (आश्रम मोड़) स्थित जमीन की रजिस्ट्री कराने और वहां धर्मकांटा स्थापित करने का झांसा दिया। आरोपी के भरोसे पर राहुल गोयल ने आहाता निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 26 लाख रुपये और धर्मकांटा खरीद पर 5.48 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च कर दिए। इसके बाद आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही धर्मकांटा लौटाया। इस तरह कुल देनदारी व धोखाधड़ी की रकम 2 करोड़ 39 लाख 98 हजार 700 रुपये तक पहुंच गई।


मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
राहुल गोयल का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी बकाया रकम वापस मांगी, तो सुजीत जायसवाल मुकर गया। उसने गाली-गलौज करते हुए 24 मार्च 2026 को फोन पर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी दी।


BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
मामले की शिकायत पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने 12 जून 2026 को अपराध क्रमांक 0398/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। सरगुजा पुलिस अधीक्षक व आईजी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी की तलाश तेज की और 20 सितंबर को उसे गुदरी चौक से धर दबोचा। पुलिस लेन-देन से जुड़े बैंक दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *