सरगुजा समय :- अम्बिकापुर/सरगुजा: भफौली क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ हुए बलात्कार के मामले में राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री द्वारा आरोपी तरुण जायसवाल को कांग्रेस का कार्यकर्ता बताए जाने के बाद, जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे लेकर एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बयान को पूर्णतः असत्य और भ्रम फैलाने वाला करार दिया है।
कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला
जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के मण्डल अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सतीश बारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा के जिला महामंत्री द्वारा बिना किसी दस्तावेजी प्रमाण के, जनता को भ्रमित करने के लिए झूठे और काल्पनिक तथ्य पेश किए गए हैं। कांग्रेस ने इस कृत्य की घोर निंदा की है।
आरोपी को बताया भाजपा का पुराना प्रतिनिधि
कांग्रेस का दावा है कि जघन्य घटना को अंजाम देने वाला आरोपी तरुण जायसवाल पूर्व से ही पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य तथा विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा भफौली का प्रतिनिधित्व करता रहा है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी वह भाजपा के कार्यक्रमों में बड़े नेताओं के साथ प्रमुख भूमिका में नजर आता रहा है।
सार्वजनिक क्षमा याचना की मांग
प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि अपनी इस सच्चाई को छिपाने के लिए भाजपा संगठन और जिला महामंत्री मनगढ़ंत बयानबाजी कर रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी और पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि भाजपा इस निंदनीय वक्तव्य के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करे।

