26/05/2026
वाहन जब्त

 

सरगुजा समय अम्बिकापुर :-  कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज अधिकारी श्री अनिल कुमार साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते तीन दिनों के भीतर सीतापुर एवं लखनपुर तहसील क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध भंडारण स्थलों और वाहनों पर कार्यवाही की गई। सीतापुर तहसील अंतर्गत ग्राम प्रतापगढ़, खड़ादोरना, भवराडाड एवं आमाटोली क्षेत्र में जांच के दौरान गौण खनिज रेत के अवैध भंडारण के छह मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संबंधित भंडारणकर्ताओं को मौके पर नोटिस जारी किया गया। वहीं ग्राम आमादरहा क्षेत्र में एक अवैध ईंट मिट्टी एवं कोयला भंडारण पाए जाने पर भी भण्डारणकर्ता को नोटिस जारी किया गया। विभाग द्वारा अवैध रेत परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर थाना सीतापुर की अभिरक्षा में सौंप दिया है।

इसी कड़ी में 24 मई 2026 को लखनपुर तहसील के ग्राम भौराडांड में जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर एवं दो टीपर वाहन पकड़े गए।

साथ ही अवैध ईंट मिट्टी परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर वाहन को भी जप्त कर थाना लखनपुर की अभिरक्षा में सौंपा गया।

उन्होंने बताया कि सभी प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) एवं एमएमडीआर की धारा 21(5) एवं 23 तथा छ.ग. खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई है। इस प्रकार अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विभाग की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *