सरगुजा समय अंबिकापुर। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक एमजी रोड (MG Road) स्थित गौरी पेट्रोल पंप (भारत पेट्रोलियम) इन दिनों दो बड़ी समस्याओं और अव्यवस्थाओं के कारण सुर्खियों में है। एक तरफ जहां पंप के मुख्य डिस्प्ले बोर्ड पर पेट्रोल-डीजल के गलत रेट दिखाकर ग्राहकों को खुलेआम गुमराह किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पंप के ठीक पास स्थित सड़क तिराहे पर अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण वाहन चालकों की जान पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है।
बोर्ड पर सस्ता तेल, नोजल पर जेब ढीली:- पंप परिसर के बाहर सड़क किनारे लगे बड़े डिस्प्ले बोर्ड पर पेट्रोल का रेट ₹101.60 प्रति लीटर और डीजल का रेट ₹94.53 प्रति लीटर प्रदर्शित किया जा रहा है। राहगीर और वाहन चालक इसी कम दर को देखकर ईंधन भरवाने के लिए पंप के भीतर दाखिल होते हैं। लेकिन जैसे ही वे नोजल पर पहुंचते हैं, मशीन में वास्तविक कीमत बोर्ड पर लिखी दर से काफी अधिक निकलती है। कीमतों में इस बड़े अंतर को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि पुराने या कम रेट का बोर्ड लगाकर ग्राहकों को भ्रमित करना सीधा-सीधा उपभोक्ता अधिकारों का हनन है।
तिराहे पर मौत का साया, कई लोग हो चुके हैं हादसे का शिकार:- इस पंप की भौगोलिक स्थिति भी आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। पेट्रोल पंप के ठीक पास व्यस्त सड़क तिराहा स्थित है, जहां से तीन दिशाओं से वाहनों का लगातार दबाव बना रहता है। पंप में प्रवेश करने और तेल भरवाकर बाहर निकलने वाले वाहन चालक अक्सर तिराहे पर तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों की चपेट में आने से बाल-बाल बचते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मोड़ पर अब तक कई वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार होकर चोटिल हो चुके हैं। गलत रेट के चक्कर में अचानक ब्रेक लगाकर पंप की ओर मुड़ने वाले वाहनों के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ गई है।
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल:- शहर के बीचो-बीच मुख्य मार्ग पर चल रहे इस खेल और यातायात के खतरे को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, खाद्य विभाग, नाप-तौल विभाग और यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेते हुए पंप के डिस्प्ले बोर्ड पर सही दरें अंकित कराए और तिराहे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करे, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
