13/11/2026
image_editor_output_image-802180351-1793601781672

सरगुजा समय अंबिकापुर :- अंबिकापुर। शहर के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्र—सेंट्रल जेल अधीक्षक के सरकारी बंगले के ठीक पीछे स्थित तालाब में शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लखनपुर स्थित कृषि विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 (लिपिक) सीताराम लकड़ा के रूप में हुई है। वह पिछले 4 दिनों से घर से लापता था। हाई-प्रोफाइल इलाके में शव मिलने की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी समेत पुलिस का आला अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।


मोहल्लेवासियों ने तालाब में उतराता देखा शव:- जानकारी के अनुसार, शहर के बाबूपारा निवासी सीताराम लकड़ा का निवास भी जेल अधीक्षक बंगले के आसपास के ही इलाके में है। शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे मोहल्ले के कुछ लोगों की नजर बंगले के पीछे वाले तालाब में उतराते हुए शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस व वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।


शराब का आदी था मृतक, 4 दिन से तलाश रहे थे परिजन:-
परिजनों व आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक सीताराम लकड़ा शराब पीने का आदी था। वह बीते 4 दिनों से बिना कुछ बताए घर से लापता था। परिजन अपने स्तर पर लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग रहा था। शुक्रवार को उसका शव घर के नजदीक ही तालाब में मिलने से परिवार में मातम पसर गया है।


सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच:-
सेंट्रल जेल अधीक्षक के सरकारी बंगले के ठीक पीछे इस तरह शव मिलना कई सवाल भी खड़े कर रहा है। क्या युवक नशे की हालत में तालाब में गिर गया, उसने आत्महत्या की या फिर किसी अनहोनी का शिकार हुआ—पुलिस इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *