25/05/2026
1001903327.jpg


सरगुजा समय अंबिकापुर :- छत्तीसगढ़, 10 नवंबर 2024: अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ – इस्कॉन अंबिकापुर प्रचार केंद्र द्वारा भव्य श्री गिरिराज गोवर्धन अन्नकूट महोत्सव का आयोजन आज रविवार, 10 नवंबर 2024 को दुर्गा बाड़ी, देवीगंज रोड, अंबिकापुर में किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा अर्पित करना एवं भक्तों को गोवर्धन पूजा का दिव्य अनुभव प्रदान करना है। महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला को स्मरण किया जाएगा और भक्तों के लिए अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें हरिनाम संकीर्तन, गोवर्धन लीला कथा, महाअभिषेक, दीपदान, 108 भोग अर्पण, महा-आरती, गोवर्धन परिक्रमा, और अन्नकूट प्रसादम (भंडारा) शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुवात दोपहर 3 बजे हरिनाम संकीर्तन से होगी। इसके पश्चात् शाम 5 बजे से गोवर्धन लीला कथा का आयोजन होगा, जिसमें वृंदावन में हुई भगवान श्रीकृष्ण की मधुर लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। शाम 6 बजे से भगवान श्री श्री राधा कृष्ण का अभिषेक होगा। इसके उपरांत पवित्र कार्तिक मास के शुभ अवसर पर यशोदा-दामोदर जी हेतु दीपदान का विशेष आयोजन शाम 6:30 से 7 बजे तक किया गया है। शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक गिरिराज महाराज को भक्तों द्वारा तैयार 108 भोग अर्पण किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:15 से 8 बजे तक महा-आरती और परिक्रमा का आयोजन होगा। अंत में रात 8 बजे से अन्नकूट प्रसादम (भंडारा) का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

इस्कॉन अंबिकापुर प्रचार केंद्र सभी श्रद्धालुओं से अपील करता हैं कि अंबिकापुर में पहली बार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में वे अपने परिवार एवं इष्टमित्रों सहित सम्मिलित होकर श्री गिरिराज गोवर्धन की कृपा प्राप्त करें। यह आयोजन सभी भक्तों के लिए नि:शुल्क है।
संवाद संपर्क: दयानिधि दास – 7587041878

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *