कलेक्टर एवं एसएसपी ने प्लेस ऑफ सेफ्टी का किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सहित सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश..
सरगुजा समय अम्बिकापुर:- कलेक्टर अजीत वसंत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को अम्बिकापुर में शासकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी संस्था बालक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री वसंत ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता को भवन की खिड़कियों का आकार सुरक्षा की दृष्टि से छोटा करने, चारदीवारी के ऊपरी हिस्से में लगी ग्रिल को और अधिक मजबूत बनाने तथा भवन का बारीकी से अवलोकन कर सभी आवश्यक सुरक्षा संबंधी कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान निवासरत बालकों की मानसिक स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग उपलब्ध कराने साथ ही जो बच्चे आदतन बार बार सम्प्रेक्षण गृह से भाग रहे हैं उन्हें अन्य जिलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर संस्था के अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए।
वहीं एसएसपी श्री अग्रवाल ने संस्था में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का ऑडिट कराने तथा प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक एवं बाल संप्रेक्षण गृह बालक दोनों संस्थाओं का सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर एवं एसपी ने बाल संप्रेक्षण गृह बालक का भी निरीक्षण किया। भवन का अवलोकन करने के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता को तत्काल मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

