26/05/2026
WhatsApp Image 2024-11-29 at 19.37.58_22bc32c5

सरगुजा : पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान् में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के द्वारा ग्राम खैरबार के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरगुजा पुलिस अधीक्षक  योगेश पटेल (भा.पु.से.)ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशे की प्रवृत्ति सभी को छोड़ने की जरूरत है।नशे से किसी एक सदस्य का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार की बर्बादी होती है।नशे से दूर रहने की आदत सभी डालें। तभी परिवार एवं समाज का भला होगा। नशामुक्त समाज बनाने में सरगुजा पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों के द्वारा संचालित नवा बिहान जन-जागरूकता अभियान एक अभिनव पहल है। पुलिस के द्वारा नशा के कारोबारियों पर उचित कार्यवाही की जा सकती है। पर समाज से नशा दूर करने के लिए सभी को आगे आना पड़ेगा। विद्यार्थीगण इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अपने घर में माता-पिता को बताएं कि नशे से क्या -क्या नुकसान होता है।समाज में नशापान करने वालों को सम्मान भी नहीं मिलता है। पुलिस अधीक्षक के समक्ष ग्रामीणों एवं स्कूल के बच्चों ने खुलकर ग्राम में चल रहे नशे के कारोबार के संबंध में बताया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने आश्वासन दिया है कि नशे के कारोबारियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही होगी।

वरिष्ठ समाजसेविका सुश्री वन्दना दत्ता ने उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के द्वारा संचालित गतिविधियों के संबंध में बताया । बच्चों को हमेशा नशे से दूर रहने के लिए समझाया । वरिष्ठ समाज सेवी संयोजक नवा बिहान मंगल पाण्डेय ने कहा कि नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के द्वारा किए जा रहे सतत् प्रयास का सकारात्मक परिणाम सरगुजा जिले में दिख रहा है ।साथ ही बच्चों के व्यक्तित्व विकास में नशा सबसे बड़ा बाधक है। अतः आप सभी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी के द्वारा नशे से होने वाली बुराईयों को अवगत कराते हुए, आवश्यक कानूनी जानकारी दिया गया। नई दुनिया सरगुजा के ब्यूरो चीफ अनंग पाल दीक्षित ने ग्राम खैरबार में नशे से होने वाली सामाजिक बुराईयों से सभी को अवगत कराते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय से आग्रह किया गया कि पुलिस एवं नवा बिहान की टीम अभियान सतत् जारी रखते हुए इस पंचायत को नशा मुक्त करें।इस अभियान में ग्रामीणों एवं मीडिया का भी भरपूर सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता समन्वयक नवा बिहान अनिल कुमार मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन स्कूल की प्रभारी प्राचार्या अनिता दान ने किया। कार्यक्रम में ग्राम की सरपंच बसंती मिंज, योगेन्द्र मिंज,उप सरपंच आदिप एक्का, ग्राम सचिव हरि सिंह , पूर्व सरपंच धरम साय, सामाजिक कार्यकर्ता सुनिधि शुक्ला,हिना खान,शिक्षक रमाशंकर तिवारी,कमलेश सिंह, अजित सिंह, आराधना जायसवाल, विनिता गुप्ता सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *