रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी आरक्षण के मुद्दे को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन और चक्का जामकर विरोध जता रही है। राजधानी रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय के नेतृत्व में बीजेपी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर रही है।
इससे पहले अनुसूचित जनजाति के 32 प्रतिशत आरक्षण की बहाली को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बुधवार को प्रदेश कार्यसमिति बैठक रायपुर में आयोजित हुई। इसमें भाजपा ने आदिवासी समाज का आरक्षण 32 प्रतिशत से 20 प्रतिशत किए जाने और बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों से स्थानीय भर्ती प्राथमिकता को समाप्त करने पर राज्य सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर आगे की रणनीति तय की है।
भाजपा आर-पार की लड़ाई करने के मूड में है। 16 से 20 नवंबर तक संभाग स्तरीय गौरव दिवस प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बस्तर संभाग में 21 नवंबर और सरगुजा संभाग में 28 नवंबर को संभागीय मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया जाएगा।