
धनबाद – सरहद पर हमेशा दुश्मनों से लोहा लेने को तैयार रहने वाला थलसेना का एक जवान अपने घर के मोर्चे पर आत्मसमर्पण की मुद्रा में है। झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला निवासी इस जवान की तीन महीने पहले ही सरायढेला के ही एक बीसीसीएलकर्मी की पुत्री से शादी हुई है। दो-तीन दिन पहले ही वह छुट्टियों पर अपने घर आया है। जवान ने सरायढेला थाना पहुंच कर उसने पुलिस से गुहार लगाई कि पत्नी और ससुराल वाले उसे घर जमाई बनाना चाहते हैं। पत्नी धमकी दे रही है कि यदि वह ऐसा नहीं करेगा तो वह आत्महत्या कर लेगी।
श्रीनगर में पदस्थापित
पुलिस को आर्मी जवान ने बताया कि उसकी लव मैरिज हुई है। लड़की उसी के स्कूल में पढ़ती थी जहां वह पढ़ता था। शादी के बाद पत्नी ससुराल यानी उसके घर पर रह रही थी। पिछले दिनों वह मायके चली गई। अब मायके से ससुराल नहीं लौटने की बात कह रही है। वह श्रीनगर में पदस्थापित है।

पत्नी आत्महत्या की दे रही धमकी
आर्मी जवान जब छुट्टी पर धनबाद आया तो उसने पत्नी से मायके से ससुराल चलने को कहा। लेकिन जवान की पत्नी ने साफ कह दिया कि वह ससुराल नहीं जाएगी। पत्नी ने आर्मी जवान को भी अपने साथ मायके में रहने को कहा। उसने चेतावनी दी कि यदि उस पर ससुराल जाने का दबाव बनाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगी।
पत्नी और ससुराल वाले सेना के जवान पर वेतन भी घरवालों को नहीं देकर पत्नी को देने को कह रहे हैं। पति पत्नी का मामले देख पुलिस भी पेशोपेश में है। पुलिस ने जवान को समझाया कि वह घर और ससुराल वालों के साथ बैठ कर सहमति से मामला सुलझाए। अब आर्मी जवान तय नहीं कर पा रहा है कि वह क्या करे।